देहरादून के मोहब्बेवाला में भीषण सड़क हादसा, दंपती और मां समेत चार की मौत

देहरादून। राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक कार के ऊपर पलट गया। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों और कार चालक की जान चली गई। कार में सवार छह साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

जानकारी के मुताबिक, हादसा चार नवंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे मोहब्बेवाला चौक पर हुआ। प्लास्टिक के दाने से भरे कंटेनर ट्रक और आई-20 कार की भिड़ंत के बाद कंटेनर कार के ऊपर पलट गया। कार में कई लोग सवार थे, जो सहारनपुर से देहरादून लौट रहे थे।

 

हादसे में 38 वर्षीय मिश्रेष कपूर, उनकी 35 वर्षीय पत्नी निशा आनंद कपूर और 63 वर्षीय मां किरण कपूर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार चालक नीरज ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में मिश्रेष कपूर का छह वर्षीय बेटा घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

 

पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

देहरादून सीओ सदर अंकित कंडारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे कंट्रोल रूम को मोहब्बेवाला के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने कंटेनर और कार को सड़क से हटवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारू कराया गया।हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *