केदारताल ट्रेक हादसा: रेस्क्यू में मिले चार ट्रेकर्स के शव, दो की पहचान; लापता सदस्यों की तलाश जारी

उत्तरकाशी के केदारताल ट्रेक पर लापता ट्रेकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश के लिए चलाया जा रहा रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। अभियान के दौरान अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें से तीन शवों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से मातली हेलीपैड पहुंचाया गया है, जबकि चौथे शव को निकालने की प्रक्रिया जारी है। मातली लाए गए तीन शवों में से दो की पहचान हो गई है। दोनों की पहचान लखनऊ निवासी बहनों वर्तिका वर्मा (28) और दीपिका (29) के रूप में हुई है। तीसरे शव की शिनाख्त की कार्रवाई की जा रही है।

आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन के अनुसार, केदारताल ट्रेक से लापता ट्रेकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश में एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही है। तीन बरामद शवों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। इन्हें जिला अस्पताल में रखा गया है।

27 अक्तूबर को ट्रेक पर रवाना हुआ था 13 सदस्यीय दल

जानकारी के अनुसार, 27 अक्तूबर को गंगोत्री से सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ समेत कुल 13 सदस्यीय दल केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। खराब मौसम, भारी बर्फबारी और ग्लेशियर के कारण रास्ता अवरुद्ध होने से दल निर्धारित समय पर वापस नहीं लौट सका। इसके बाद प्रशासन को इसकी सूचना दी गई और लापता सदस्यों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया।

दुर्गम परिस्थितियों में जारी है रेस्क्यू अभियान

सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में एसडीआरएफ की टीमें अन्य रेस्क्यू एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर अभियान चला रही हैं। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम), वन विभाग और ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें भी सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं। अत्यधिक बर्फबारी, खराब मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू टीमों को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल शेष लापता ट्रेकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *