बागेश्वर अधिवक्ता हत्याकांड: चारपाई के नीचे छिपाया शव, फिर कार से नदी में फेंका, महिला और उसका भाई गिरफ्तार

बागेश्वर के चर्चित अधिवक्ता और पूर्व सभासद धीरेंद्र परिहार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने महिला लता भंडारी और उसके भाई त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के अनुसार, आपसी विवाद और जबरदस्ती के प्रयास के विरोध में महिला ने अधिवक्ता की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी थी। इसके बाद भाई की मदद से शव को ठिकाने लगाया गया।

पुलिस के मुताबिक, अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार और महिला के बीच वर्ष 2020 से नजदीकियां थीं, हालांकि वर्ष 2022 के बाद दोनों के बीच संपर्क कम हो गया था। 17 अक्तूबर की रात अधिवक्ता शराब के नशे में महिला के घर पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला ने इसका विरोध किया और गुस्से में घर में रखी लोहे की रॉड से उनके सिर पर कई वार कर दिए। हमले में अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई।

चारपाई के नीचे छिपाया शव

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद महिला ने शव को घर में ही अपनी चारपाई के नीचे छिपा दिया। अगले दिन 18 अक्तूबर को वह कठायतबाड़ा पहुंची और अपने भाई त्रिभुवन सिंह बिष्ट को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।

कार में रखकर नदी में फेंका शव

पुलिस जांच में सामने आया कि महिला का भाई रात में उसके घर पहुंचा। दोनों ने अधिवक्ता के शव को मैग्नेट कार की पिछली सीट पर रखा और बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग पर थुणाई बैंड के पास पहुंचे। यहां गहरी खाई से शव को नदी में फेंक दिया।

हत्या में प्रयुक्त रॉड और कार बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड, वारदात में प्रयुक्त कार और अधिवक्ता का शव बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *