ऋषिकेश: हत्या की झूठी सूचना देकर पुलिस को दौड़ाया, युवक का चालान

 

देहरादून। ऋषिकेश के कालूवाला क्षेत्र में एक युवक ने पुलिस को फोन कर हत्या की झूठी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और चौकी व थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। काफी देर तक जांच और तलाश करने के बाद पुलिस को पता चला कि हत्या की सूचना पूरी तरह झूठी थी। पुलिस ने झूठी सूचना देने वाले युवक का चालान काटकर उसे चेतावनी दी।

 

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे अर्जुन चौहान निवासी ग्राम निगासन, लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) ने अपने जीजा के मोबाइल फोन से 112 और जौलीग्रांट चौकी इंचार्ज को फोन किया। उसने सूचना दी कि कालूवाला क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या कर शव सौंग नदी में फेंक दिया गया है। सूचना मिलते ही चौकी और थाना पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर रवाना हो गईं।

 

पुलिस ने काफी देर तक क्षेत्र में तलाश और जांच की। इसके बाद पुलिस सूचना देने वाले व्यक्ति तक पहुंची तो पूरा मामला कुछ और ही निकला। पूछताछ में सामने आया कि अर्जुन क्षेत्र में धान की कटाई के काम से आया हुआ श्रमिक है।

 

युवक ने पुलिस को बताया कि उसके भाई-भाभी करीब 20 हजार रुपये लेकर चले गए हैं। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने जीजा के मोबाइल से खुद की हत्या होने और शव नदी में फेंके जाने की झूठी सूचना दे दी थी।

 

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वाले युवक का चालान काटा गया है। साथ ही उसे भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं करने की चेतावनी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *