रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अब बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गढ़वाल की पारंपरिक संस्कृति और पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद एक ही स्थान पर मिल सकेगा। उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ की ओर से रतूड़ा में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से तैयार ‘गढ़ दर्शन’ रिजॉर्ट एवं रेस्टोरेंट का शुभारंभ किया गया। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने इसका उद्घाटन किया, जबकि सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
16 कॉटेज और रेस्टोरेंट की सुविधा
रिजॉर्ट के प्रथम चरण में 16 कॉटेज और रेस्टोरेंट तैयार किए गए हैं। बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित यह परिसर चारधाम यात्रियों को गढ़वाल के पारंपरिक खानपान, स्थानीय उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का माध्यम बनेगा। आगामी चरणों में यहां गढ़वाल की ग्रामीण और लोक संस्कृति को प्रदर्शित करने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
महिला समूहों के उत्पादों को मिलेगा बाजार
‘गढ़ दर्शन’ रिजॉर्ट में महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक गढ़वाली व्यंजनों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे महिला समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए मंच मिलेगा। साथ ही स्थानीय उत्पादकों की आमदनी बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के अवसर
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्र में ‘गढ़ दर्शन’ रिजॉर्ट की शुरुआत पर्वतीय क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सहकारिता के माध्यम से स्थानीय लोगों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने और महिला समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ अपने पारंपरिक कार्यों के साथ नए व्यावसायिक क्षेत्रों में भी विस्तार कर रहा है। संघ का लक्ष्य एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का टर्नओवर हासिल करना है।
ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में इस तरह की व्यावसायिक पहल से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलेंगे। इससे पलायन रोकने के प्रयासों को भी बल मिल सकता है। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्थानीय व्यंजनों और उत्पादों से जोड़ना प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देने का अच्छा माध्यम है।
जल्द शुरू होगा वाटर प्लांट
उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ के प्रबंध निदेशक आनंद शुक्ला ने बताया कि संघ पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी सहित नए क्षेत्रों में भी अपनी गतिविधियों का विस्तार कर रहा है। ‘गढ़ दर्शन’ रिजॉर्ट इसी दिशा में एक पहल है। उन्होंने बताया कि संघ की ओर से जल्द ही वाटर प्लांट का शुभारंभ करने की भी तैयारी की जा रही है।गढ़ दर्शन’ रिजॉर्ट के माध्यम से पर्यटन, स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण आजीविका को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया है। इससे चारधाम यात्रियों को पहाड़ी खानपान का अनुभव मिलने के साथ ही स्थानीय उत्पादों, महिला समूहों और युवाओं के लिए नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।