केदारताल में फंसे आठ पर्वतारोहियों की तलाश तेज, हेलिकॉप्टर से उतरी NIM-SDRF की टीम

केदारताल ट्रैक पर फंसे आठ पर्वतारोहियों की तलाश के लिए सोमवार को रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) और एसडीआरएफ की प्रशिक्षित टीम को हेलिकॉप्टर के माध्यम से अंतिम बताई गई लोकेशन के लिए रवाना किया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत सोमवार सुबह करीब 7:35 बजे देहरादून से हेलिकॉप्टर आर्मी हेलीपैड, हर्षिल के लिए रवाना हुआ। हेलिकॉप्टर सुबह करीब 8:10 बजे हर्षिल पहुंचा। इसके बाद सुबह 8:35 बजे NIM के दो और एसडीआरएफ के छह सदस्यों समेत कुल आठ रेस्क्यू कर्मियों को हेलिकॉप्टर से केदारताल अभियान के लिए रवाना किया गया।

इससे पहले रविवार को एसडीआरएफ ने हेलिकॉप्टर की मदद से भोजखड़क और कच्ची ढांग के आसपास सर्च अभियान चलाया था, लेकिन पर्वतारोहियों की लोकेशन का पता नहीं चल सका। एनडीआरएफ की टीम ने भी केदारताल ट्रैक पर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं के अनुसार, रविवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान क्षेत्र में गहरी खाइयों और संकरी घाटियों के कारण हेलिकॉप्टर को अधिक नीचे उतारने में कठिनाई हुई। इसके अलावा पैदल तलाशी अभियान के दौरान भी पर्वतारोहियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

सोमवार को NIM और एसडीआरएफ की प्रशिक्षित टीम को हेलिकॉप्टर के जरिए अंतिम बताई गई लोकेशन पर उतारकर तलाश अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है। फंसे पर्वतारोहियों की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम लगातार प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *