उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील क्षेत्र स्थित नरगोड़ी गांव में सोमवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक भतीजे ने लोहे की रॉड से हमला कर अपने चाचा और चाची की हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपित फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, गोविंद बल्लभ खोलिया ने अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान एक महिला ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। घटना देर रात की बताई जा रही है। सोमवार सुबह वारदात की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।
फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।