केदारनाथ धाम में बर्फबारी, सफेद चादर में लिपटी बाबा केदार की नगरी; गंगोत्री में भी बदला मौसम

केदारनाथ धाम में बृहस्पतिवार सुबह हुई बर्फबारी से बाबा केदार की नगरी बर्फ की सफेद चादर में लिपट गई। बर्फ से ढके धाम का मनमोहक नजारा देखकर श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। कई श्रद्धालु इस खूबसूरत दृश्य को अपने कैमरों में कैद करते दिखे, तो कुछ ने सेल्फी लेकर इन यादगार पलों को संजोया। हालांकि, बर्फबारी के चलते धाम में ठंड भी बढ़ गई है।जिले के निचले इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदला रहा। जिला मुख्यालय समेत ऊखीमठ, गुप्तकाशी, जखोली और बसुकेदार क्षेत्र में सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

कपाट बंद होने से पहले दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु

केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होने हैं। ऐसे में कपाट बंद होने से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बर्फबारी और बढ़ती ठंड के बावजूद भक्तों का उत्साह बना हुआ है। मौसम में बदलाव के बीच भी धाम में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है।

गंगोत्री धाम में भी बर्फबारी

गंगोत्री धाम में भी बर्फबारी शुरू हो गई है। बर्फबारी के बाद यहां ठंड बढ़ गई है और पहाड़ों पर मौसम ने करवट ले ली है। सफेद बर्फ से ढके धाम और आसपास की पहाड़ियों का नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई दे रहा है।

अब तक 18.53 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

यात्रा सीजन में अब तक 18 लाख 53 हजार से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। बुधवार को 8,376 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के साथ ही धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *