होटल की एनओसी के नाम पर मांगी 20 हजार की रिश्वत, 6 हजार लेते प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड में विजिलेंस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोटद्वार के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को छह हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारी ने पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन स्थित एक होटल की फायर एनओसी जारी करने के एवज में शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से अधिकारी की ओर से रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद विजिलेंस की ट्रैप टीम ने बुधवार को कार्रवाई के लिए जाल बिछाया।

टीम ने कोटद्वार फायर स्टेशन के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी (लीडिंग फायरमैन) भूपेश त्यागी को शिकायतकर्ता से छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। मामले में विजिलेंस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *